पंचकूला हिंसा की तस्वीर
चंडीगढ़,
हरियाणा के जेल में बंद यौन शोषण के दोषी गुरमीत राम रहीम को लेकर हर रोज नए-नए खुलासे हो रहे हैं। मीडिया खबरों में सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि मुताबिक डेरा सच्चा सौदा के दो लोगों ने ही राम रहीम की गिरफ्तारी के बाद पंचकूला में दंगा फैलाने की पूरी तैयारी की थी। इस प्लानिंग के लिए इन दोनों को 5 करोड़ रुपए मिले थे।
बताया जा रहा है कि दंगे की साजिश रचने वाले ये दोनों डेरा प्रेमी फिलहाल फरार हैं। पुलिस इनकी तलाश में जुट गई है। साथ ही पुलिस इस साजिश की मुख्य कर्ता राम रहीम की मुंहबोली बेटी हनीप्रीत की भी तलाश कर रही है। वहीं, सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाई जा रही हैं कि जेल में बंद राम रहीम डुप्लिकेट है। हनीप्रीत असली राम रहीम के साथ भाग गई।
उधर, मंगलवार को पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट ने हरियाणा सरकार को सिरसा के डेरा मुख्यालय की तलाशी की मंजूरी दे दी है। हरियाणा पुलिस डेरा में घुसकर तलाशी अभियान शुरू कर सकती है। डेरा के आसपास पुलिस और सुरक्षाबलों की तैनाती बढ़ा दी गई है। डेरा के रास्ते पर आने जाने वालों की जांच की जा रही है। इससे पहले गुरीत के कई डेरों पर हुई छापेमारी में आधुनिक हथियार समेत कई आपत्तिजनक सामान मिले हैं।